
कोरबा (छत्तीसगढ़), 23 नवंबर 2026:
ऊर्जाधानी कोरबा के व्यस्ततम मार्गों में शुमार प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम (ट्रांसपोर्ट नगर) से लेकर तुलसी नगर बिजली ऑफिस, राताखार और दर्री जाने वाले मार्ग पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सुबह के समय सीएसईबी चौक पर ‘नो एंट्री’ लागू होने के कारण भारी वाहन और ट्रेलर चालक अपने वाहनों को मुख्य सड़क के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं। सड़क के संकरा हो जाने से जहां आए दिन लंबा जाम लग रहा है, वहीं स्कूल-कॉलेज जाने वाले सैकड़ों मासूम बच्चों और आम राहगीरों की जान हर वक्त जोखिम में बनी हुई है।
इस मार्ग पर गुरुद्वारा, सतनाम प्रांगण, डेयरी, बिजली ऑफिस के साथ-साथ हरि किशन पब्लिक स्कूल, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल और कौशिल स्कूल जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं। इसके अलावा पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और राताखार बस्ती की बड़ी आबादी इसी सड़क से होकर गुजरती है। सुबह के समय सैंकड़ों की संख्या में बच्चे स्कूल-कॉलेज के लिए निकलते हैं और लोग अपने कामकाज पर जाते हैं, ठीक उसी वक्त राताखार से दर्री और सीएसईबी जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों की लंबी कतारें खड़ी रहती हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस संवेदनशील मार्ग पर पूर्व में भी बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के कारण कई भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई परिवारों ने अपने अपनों को खोया है। हादसों के बाद यातायात पुलिस और प्रशासन द्वारा कुछ दिनों तक सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन मामला शांत होते ही पुनः पहले जैसी लापरवाह स्थिति बन जाती है। सड़क किनारे अवैध कब्जाधारियों और भारी वाहनों की मनमानी पार्किंग को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। नागरिकों ने जिला एवं पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर विनम्र निवेदन किया है कि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोकने के लिए इन ट्रेलरों और अवैध कब्जों को तत्काल सड़क से हटवाया जाए।






