
कोरबा (छत्तीसगढ़), ऊर्जाधानी कोरबा की सड़कों पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो गई है। खासतौर पर शाम के समय शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण सड़क किनारे पैर पसार चुकी अवैध दुकानें और उन दुकानों के सामने होने वाली बेतरतीब पार्किंग है, जिसने चौड़ी सड़कों को संकरी गलियों में तब्दील कर दिया है। मुख्य मार्गों पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से बचने के लिए शहरवासी जिस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करते थे, अब वहां भी भारी वाहनों के कब्जे ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
अवैध कब्जों और पार्किंग ने निगल ली मुख्य सड़कों की चौड़ाई:
शहर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों पर शाम होते ही अव्यवस्था का आलम दिखने लगता है। दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला लेने और ठेले-गुमटियों के अवैध कब्जे के कारण सड़क की वास्तविक चौड़ाई काफी कम हो गई है। रही-सही कसर इन दुकानों के सामने आड़े-तिरछे खड़े किए जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग पूरी कर देती है। इसके चलते शहर में कहीं भी अचानक जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है और लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहते हैं।
वैकल्पिक मार्ग पर भी भारी वाहनों का कब्जा, राताखार-तुलसी नगर मार्ग बना ‘अघोषित पार्किंग’:
मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से बचने के लिए आम नागरिक और ऑफिस से लौटने वाले कर्मचारी वैकल्पिक मार्ग के रूप में राताखार मार्ग से होते हुए तुलसी नगर और इंदिरा स्टेडियम के रास्ते सीएसईबी चौक की ओर आवागमन करते थे। लेकिन विडंबना यह है कि अब इस महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग को भी भारी वाहनों और ट्रेलरों की ‘अघोषित पार्किंग’ बना दिया गया है। सड़क के दोनों ओर भारी वाहन बेतरतीब खड़े रहने से छोटी गाड़ियों को निकलने में भारी दिक्कत होती है और हर वक्त दुर्घटना का डर बना रहता है। इस वजह से अब आम लोग इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने से भी कतराने लगे हैं।
निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की दरकार:
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में नगर निगम आयुक्त द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई जा रही है, लेकिन यातायात सुधार के लिए सड़क किनारे अवैध दुकानों, दुकानों के सामने होने वाली अवैध पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों पर खड़े भारी वाहनों पर एक साथ सख्त कार्रवाई जरूरी है। नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और यातायात पुलिस से आग्रह किया है कि शाम के समय सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए इन अवरोधों को तत्काल हटवाया जाए, ताकि शहरवासियों को जाम के झाम से राहत मिल सके।







