
कोरबा। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ (केडीबीए) द्वारा छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में जिला स्तरीय बैडमिंटन चयन स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के लगभग 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्पर्धा के अंडर-15 बालक वर्ग में निमित चौरसिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने अपने बेहतरीन खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से मुकाबले में सफलता प्राप्त की। निमित इससे पहले भी बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं।
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को रायगढ़ में आयोजित होने वाली आगामी स्पर्धा के मेन ड्रॉ में सीधे प्रवेश की पात्रता मिलेगी।
आयोजन को सफल बनाने में एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मनीष गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित संघ के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, मैचों का सुचारु संचालन कराने में अमरजीत, करण और शादाब ने सहयोग दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।






