कोरबा (छत्तीसगढ़), 08 अक्टूबर 2026:
आगामी त्योहारों के मद्देनजर कोरबा जिले में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस प्रशासन ने नकेल कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सिंधी मोहल्ला में दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित पटाखों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है।
गोदाम में छापा, 18 कार्टून पटाखे जप्त:
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती के सिंधी मोहल्ला में भारी मात्रा में बारूद और पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है, जिसे बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर आरोपी के मकान के पास बने गोदाम में आकस्मिक दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के अवैध रूप से भंडारित विभिन्न कंपनियों के पटाखों से भरे 18 नग बड़े कार्टून बरामद किए गए, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग ₹2 लाख आंकी गई है।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज:
पुलिस ने मौके से पूरा माल जप्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी का विवरण इस प्रकार है:
- आरोपी: बलराम जज्ञासी पिता रमेश कुमार, उम्र 42 वर्ष
- निवासी: सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला कोरबा
पुलिस ने आरोपी के इस कृत्य को सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक मानते हुए उसके विरुद्ध धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।






