कोरबा (छत्तीसगढ़), 13 नवंबर 2026, अनुशासित मानी जाने वाली भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन (भाजयुमो) की कोरबा जिला इकाई में इन दिनों ‘व्हाट्सएप लेटर वॉर’ सुर्खियों में है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा द्वारा बैठकों से नदारद रहने वाले पदाधिकारियों (विवेक राजवाड़े, नरेंद्र बरेठ, महेंद्र दास महंत आदि) को गोपनीय रूप से नोटिस भेजने के बजाय सीधे ‘BJYM KORBA 2026’ व्हाट्सएप ग्रुप में पीडीएफ (PDF) डालकर सार्वजनिक कर दिया गया। इसके बाद ग्रुप के भीतर ही जवाबों के ऐसे तीखे तीर चले कि सियासी गलियारों में इसकी चटपटी चर्चा शुरू हो गई है।
‘चयनित कार्रवाई’ पर निखिल राठौर का सीधा तंज:
ग्रुप में नोटिस सार्वजनिक होते ही हरदीबाजार के युवा नेता निखिल राठौर ने जिलाध्यक्ष को टैग करते हुए दोटूक शब्दों में सवाल दागा कि “ग्रुप में नोटिस डालकर मेरी छवि को ठेस पहुंचाने की कोशिश क्यों हो रही है?” उन्होंने संगठन में ‘पिक एंड चूज’ की नीति पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि जिनके साथ व्यक्तिगत या पारिवारिक संबंध अच्छे हैं (जैसे अजय राठौर), उन्हें नोटिस ‘पर्सनल’ में क्यों भेजा गया, जबकि बाकियों को ग्रुप में टारगेट किया जा रहा है?
विवेक राजवाड़े का पलटवार— काम फोटो-मंच तक सीमित नहीं:
प्रशिक्षण सह प्रमुख विवेक राजवाड़े ने भी ग्रुप में ही अपना लंबा लिखित जवाब चस्पा कर दिया। बिना नाम लिए मौजूदा कार्यशैली पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने लिखा कि उनका काम केवल “फोटो और मंच तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर कार्यकर्ताओं की चिंता करना है।” राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी का उदाहरण देते हुए उन्होंने चुभता हुआ सवाल किया कि क्या वे कार्यकर्ता को सीधे नोटिस भेजते? खुद ही जवाब देते हुए लिखा— “नहीं, क्योंकि नोटिस से कार्यकर्ता टूटता है और संवाद से जुड़ता है।”
बवाल बढ़ा तो ग्रुप पर लगा ‘एडमिन लॉक’:
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि जैसे ही ग्रुप में नोटिस के बदले तीखे कटाक्षों की झड़ी लगी, ग्रुप की सेटिंग बदलकर ‘Only admins can send messages’ कर दी गई। यानी पहले सार्वजनिक रूप से नोटिस परोसे गए, और जब जवाबों की मिर्ची तेज लगी, तो संवाद का दरवाजा ही लॉक कर दिया गया।






