
अपराधी पकड़ा फ्लाइट से, पुलिस सस्पेंड हुई लाइट की स्पीड से!
शातिर ठग को फ्लाइट से दबोचने वाली टीम और सस्पेंशन की कथित चर्चाओं का ‘सस्पेंस ड्रामा’!
कोरबा: धन्य है हमारी स्थानीय व्यवस्था! जहाँ अपराधियों को पाताल से भी ढूंढ निकालने वाले जांबाज ‘सिंघमों’ की फुर्ती की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया के गलियारों में एक अलग ही चर्चा तैर रही है। मामला हमारे कोरबा का बताया जा रहा है, जहाँ जेसीबी (JCB) एजेंसी दिलाने के बहाने लाखों की कथित ठगी करने वाले आरोपी को दिल्ली से घसीटकर लाने वाली टीम को लेकर सस्पेंशन के कयास लगाए जा रहे हैं। आज के इस डिजिटल और हाईटेक ज़माने में जहाँ पुलिस के अपग्रेड होने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहाँ इस तरह की कथित खबरों को देख कर लोग यही कह रहे हैं कि क्या आज भी जमीनी सिस्टम कछुए की चाल चलेगा और ठग हाईटेक रहेंगे?
ट्रेन के 30 घंटे के बदले 3 घंटे का सफर!
कहानी किसी सस्पेंस फिल्म जैसी बताई जा रही है। दिल्ली में बैठा एक शातिर ठग कोरबा के एक व्यापारी को जेसीबी एजेंसी का झांसा देकर लाखों रुपये डकार गया। ठग को जैसे ही भनक लगी कि शिकायत हो गई है, वह अपना बिस्तर समेटकर भागने की फिराक में था। ठग को शायद भरोसा था कि पुलिस पारंपरिक तरीके से आएगी तो कम से कम 30 घंटे का समय लगेगा, तब तक वह गायब हो जाएगा। लेकिन सूत्रों की मानें तो टीम ने ट्रेन के 30 घंटे के लंबे सफर को हवाई जहाज (Flight) के जरिए महज़ 3 घंटे में पूरा कर दिया और दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर कोरबा ले आई। जनता इस रॉकेट रफ्तार पर हैरान थी।
कॉल और सस्पेंशन की वो अनसुलझी कहानी!
जनता अभी इस फुर्ती पर चर्चा कर ही रही थी कि अचानक ‘दिल्ली दूर है’ वाला एक ऐसा कथित प्रशासनिक ट्विस्ट सामने आया, जिसने सबको चौंका दिया। गलियारों में चर्चा तेज है कि दिल्ली से आए महज़ एक कथित फोन कॉल के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई की बात चल रही है। अब इस कथित कॉल और निलंबन की अनपुष्टित कहानी लोगों के गले से नीचे नहीं उतर रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अपराधियों को त्वरित गति से पकड़ना भी कयासों के घेरे में आ जाएगा? क्या आज भी चोर हाईटेक गाड़ियों से भागेंगे और जमीनी व्यवस्था कछुआ चाल पर निर्भर रहेगी?
यह पूरी तरह से अनपुष्टित दावों, पुलिस की कथित कार्रवाई और ऊपर के स्तर के मैकेनिज्म की कहानी है।
(डिस्क्लेमर: उक्त समाचार स्थानीय सूत्रों, सोशल मीडिया पर तैर रही अपुष्ट चर्चाओं और कयासों पर आधारित एक व्यंग्यात्मक प्रस्तुति है। विभाग द्वारा किसी भी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।)
(“सोशल मीडिया और चौक-चौराहों पर कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या परदे के पीछे से आए किसी कथित कॉल के बाद यह पूरा घटनाक्रम बदला है? हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।”)
चर्चाओं का बाज़ार गर्म है कि दिल्ली गई टीम को कथित तौर पर विभागीय जांच या बड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
नोट: इस पूरे घटनाक्रम और कथित निलंबन (Suspension) की खबरों पर पुलिस विभाग या वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक बयान या लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है। यह रिपोर्ट केवल स्थानीय स्तर पर चल रही चर्चाओं और कयासों पर आधारित एक व्यंगात्मक विश्लेषण है।






